अस्मिता सिटी लीग 2026: 29-30 अप्रैल को रामगढ़ में होगा आयोजन, तैयारियों को लेकर अहम बैठक

Spread the News

रामगढ़: जिला स्तरीय अस्मिता सिटी लीग प्रतियोगिता–2026 के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को जिला क्रीड़ा पदाधिकारी श्री संजीत कुमार की अध्यक्षता में जिला ओलंपिक संघ एवं विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में झारखंड खेल प्राधिकरण, रांची के निर्देशानुसार भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा संचालित खेलो इंडिया योजना के तहत प्रतियोगिता के सफल संचालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि प्रतियोगिता का आयोजन 29 एवं 30 अप्रैल 2026 को सिद्धू कान्हू स्टेडियम, रामगढ़ एवं श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल, रामगढ़ में किया जाएगा।

इस प्रतियोगिता में फुटबॉल, एथलेटिक्स, कबड्डी, जुडो एवं वुशु जैसे खेलों का आयोजन होगा, जिसमें बालिका वर्ग के अंडर-14, अंडर-17 एवं सीनियर खिलाड़ी भाग लेंगी। गर्मी को देखते हुए प्रतियोगिता सुबह 7 बजे से 11 बजे तक आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में सभी खेल संघों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। जिला खेल समन्वयक सुशील कुमार को प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई तथा सभी संघों से सहयोग सुनिश्चित करने को कहा गया।

इस अवसर पर जिला ओलंपिक संघ के सचिव सी.डी. सिंह, फुटबॉल संघ के सचिव मो. मुस्तफा आजाद, जुडो संघ के सचिव शशि पांडेय, डे-बोर्डिंग प्रशिक्षक भोलानाथ महली एवं खेलो इंडिया प्रशिक्षिका रेखा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।