पेयजल शिकायतों के त्वरित निवारण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष गठित

Spread the News

रामगढ़, 24 अप्रैल: जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति से संबंधित समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए जिला प्रशासन ने अहम पहल की है। उपायुक्त के निर्देश पर पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, रामगढ़ के कार्यपालक अभियंता कार्यालय में जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष का गठन किया गया है। इस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से आम नागरिक अपनी पेयजल से जुड़ी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, जिससे समयबद्ध निवारण सुनिश्चित किया जा सके।

नियंत्रण कक्ष में नोडल पदाधिकारी के रूप में निरिखल रंजन कुमार सहित अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। शिकायत दर्ज कराने के लिए मोबाइल नंबर 8409209569, 6204213661, 6205523266, 9798458570 तथा दूरभाष नंबर 06553-223193 जारी किए गए हैं।

इसके साथ ही प्रखंड स्तर पर भी शिकायतों के निबंधन हेतु सभी प्रखंड कार्यालयों में शिकायत पंजी संधारित किया जा रहा है। संबंधित क्षेत्रों के कनीय अभियंताओं के संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं, ताकि लोग सीधे उनसे संपर्क कर सकें।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि पेयजल से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष या प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों को दें, जिससे समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेयजल आपूर्ति को सुचारू और सुलभ बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं।