झारखंड बोर्ड 10वीं का रिजल्ट जारी: 95.27% छात्र-छात्राएं पास, चार टॉपर्स ने एक साथ पाया प्रथम स्थान

Spread the News

रांची, 23 अप्रैल 2026: झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने आज कक्षा 10वीं परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया। इस बार कुल 95.27 प्रतिशत छात्र-छात्राएं पास हुए, जो पिछले वर्ष (2025) के 91.71 प्रतिशत से काफी बेहतर है। लगभग 4,22,109 परीक्षार्थियों में से 4,02,178 छात्र-छात्राएं सफल रहे।

बोर्ड के अनुसार, लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया। गुमला जिले ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 99.32 प्रतिशत पास प्रतिशत हासिल किया, जबकि दुमका और पाकुर जिले भी टॉप-3 में शामिल रहे।

इस वर्ष चार छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। सभी ने 498 अंक (99.60%) प्राप्त किए:

• प्रियांशु कुमारी- इंदिरा गांधी बालिका हाई स्कूल, हजारीबाग

• शिवांगी कुमारी- एसएस हाई स्कूल, बानो, सिमडेगा

• प्रेम कुमार साहू- प्रेमचंद हाई स्कूल, मेसरा, रांची

• सन्नी कुमार वर्मा- सेंट एलॉयसियस हाई स्कूल, रांची

दूसरे स्थान पर दिव्यांशु उरांव (496 अंक) रहे। रांची जिले से दो टॉपर्स निकलना खास तौर पर सराहनीय रहा।

– कुल परीक्षार्थी- 4,22,109

– पास हुए- 4,02,178 (95.27%)

– प्रथम श्रेणी- लगभग 2,26,957 छात्र-छात्राएं

पिछले कुछ वर्षों की तुलना में इस बार पास प्रतिशत में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है। बोर्ड अधिकारियों ने छात्रों के मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन को इस सफलता का श्रेय दिया।

झारखंड के शिक्षा मंत्री ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम राज्य की शिक्षा व्यवस्था में सुधार का प्रमाण है।