असम में कल्पना सोरेन का तीखा हमला: “हेलीकॉप्टर रोक सकते हैं, जनता का इरादा नहीं रोक सकते”

Spread the News

दिब्रूगढ़/गुवाहाटी, 07 अप्रैल: झारखंड मुक्ति मोर्चा की स्टार प्रचारक और गांडे विधायक कल्पना सोरेन ने असम विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान प्रशासनिक बाधाओं पर जमकर निशाना साधा। खुमताई, नहरकटिया और मार्गेरीटा विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान हेलीपैड की अनुमति न मिलने पर उन्होंने सत्ता पक्ष पर आवाज दबाने का आरोप लगाया।

कल्पना सोरेन खुमताई और नहरकटिया नहीं पहुंच सकीं, जिसके कारण उन्होंने फोन पर ही स्थानीय जनता को संबोधित किया। बाद में मार्गेरीटा पहुंचकर सड़क मार्ग से जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “यह लड़ाई केवल चुनाव की नहीं है, बल्कि सम्मान, पहचान और अधिकार की लड़ाई है। सत्ता में बैठे लोग हमारी आवाज को दबाने और जनता तक हमारा संदेश पहुंचने से रोकने की कोशिश कर रहे हैं।”

उन्होंने जोरदार अंदाज में कहा,“आप रास्ता रोक सकते हैं, लेकिन जनआक्रोश नहीं रोक सकते। हेलीकॉप्टर रोक सकते हैं, लेकिन जनता के इरादे नहीं रोक सकते।”

कल्पना सोरेन ने खुमताई-नहरकटिया के साथ पूरे असम की जनता, विशेषकर चाय बागान के मजदूरों, आदिवासी समाज, अल्पसंख्यक वर्ग, युवाओं और महिलाओं से अपील की कि 9 अप्रैल को वोट की ताकत से सत्ता को करारा जवाब दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में जनता को दबाने की कोशिश की जा रही है, वहां लोग बड़ी संख्या में ‘तीर-धनुष’ पर मतदान कर अपनी ताकत दिखाएंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह चुनाव केवल सरकार बदलने का नहीं, बल्कि अधिकार और हिस्सेदारी हासिल करने की लड़ाई है। कल्पना सोरेन ने लोगों से भारी संख्या में मतदान करने और जेएमएम के उम्मीदवारों को जिताने की अपील की।