मोदी-शाह से लेकर मिथुन चक्रवर्ती, कंगना रनौत और लीएंडर पेस तक चमकेगा प्रचार, दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान
कोलकाता, 06 अप्रैल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है। भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और कई केंद्रीय मंत्रियों व मुख्यमंत्रियों के नाम शामिल हैं।
सूची में प्रमुख नामों में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, धर्मेंद्र प्रधान, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, अश्विनी वैष्णव, स्मृति ईरानी और हेमा मालिनी शामिल हैं। पार्टी ने फिल्मी हस्तियों और अन्य क्षेत्रों के चर्चित चेहरों को भी प्रचार में उतारा है। इनमें बंगाल के दिग्गज अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती, कंगना रनौत, मनोज तिवारी और टेनिस स्टार लीएंडर पेस के नाम उल्लेखनीय हैं।
इसके अलावा विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को भी जगह दी गई है। इनमें असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा, अनुराग ठाकुर, अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, सम्राट चौधरी, सुवेंदु अधिकारी, दिलीप घोष और डॉ. सुकांत मजूमदार शामिल हैं।
भाजपा ने राज्य की 292 विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा भी लगभग पूरी कर दी है। पार्टी ने अलग-अलग चरणों में कई लिस्ट जारी की हैं, जिसमें कुछ सीटों पर बदलाव भी किए गए हैं।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, पश्चिम बंगाल में दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 23 अप्रैल 2026 और दूसरा चरण 29 अप्रैल 2026 को होगा, जबकि मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी।
बीजेपी की इस सूची से साफ है कि पार्टी पश्चिम बंगाल में अपनी चुनावी तैयारी को और मजबूत बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है। केंद्रीय नेतृत्व के साथ-साथ फिल्मी और खेल जगत के स्टार प्रचारक मैदान में उतरकर पार्टी के अभियान को नई ऊर्जा देंगे।
वहीं, सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भी पहले चरण के लिए अपनी स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है, जिसमें मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी प्रमुख हैं।
चुनावी मैदान में अब सभी दलों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और आने वाले दिनों में बड़े-बड़े रैलियों व रोड शो के साथ प्रचार तेज होने की उम्मीद है।