रामगढ़, 22 फरवरी: झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के पलाश इकाई द्वारा “हमारी योजना, हमारी प्रगति” अभियान के तहत मैदान स्तर पर क्लस्टर लेवल फेडरेशन की वार्षिक कार्ययोजना एवं ब्लॉक डेवलपमेंट प्लान वर्ष 2026-27 की तैयारी को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र, गोला में आयोजित हुआ। इसमें संकुल संगठन के ओबी सदस्य, आईपीआरपी, सीसी एवं अन्य संबंधित कर्मियों सहित कुल 39 प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य एमसीएलएफ एवं ग्राम संगठन स्तर पर सुदृढ़ योजना निर्माण, प्रगति समीक्षा, निर्धारित प्रारूप की स्पष्ट समझ तथा समय-सीमा के अनुरूप कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया को मजबूत बनाना था। प्रतिभागियों को योजना निर्माण प्रक्रिया, प्राथमिकताओं की पहचान, विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण, संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से जुड़े प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
उन्मुखीकरण सत्र का संचालन जिला प्रबंधक संध्या कुल्लू एवं पीआरएडीएएन के हिमांशु निगम ने किया। उन्होंने समुदाय आधारित योजना निर्माण की गुणवत्ता में सुधार, समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्यान्वयन के महत्व पर जोर दिया और प्रतिभागियों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
आयोजकों ने कार्यक्रम के समापन पर बताया कि इस उन्मुखीकरण से एमसीएलएफ स्तर पर तैयार होने वाली योजनाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इससे वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए समावेशी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
यह कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण एवं समुदाय आधारित आजीविका विकास की दिशा में जेएसएलपीएस के निरंतर प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साबित हुआ।