रामगढ़,18 फरवरी: रामगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी प्रिया कुमारी को मजबूत समर्थन मिल रहा है। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने मंगलवार को यहां दिग्वार स्थित गिरि मुहल्ले में आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए मतदाताओं से प्रिया कुमारी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
सभा में बाबूलाल मरांडी ने कहा, “नगर परिषद को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना आवश्यक है। जनता को भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा। यदि हम विकास और पारदर्शिता चाहते हैं, तो भाजपा समर्थित उम्मीदवार प्रिया कुमारी को चुनें। वे शिक्षित, कर्मठ और युवा हैं, जो रामगढ़ के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “यह चुनाव केवल एक पद के लिए नहीं, बल्कि नगर के भविष्य और स्वच्छ प्रशासन के लिए है। 23 फरवरी को मतदान केंद्र पर पहुंचकर बैलेट पेपर में क्रमांक 6 ‘बिस्कुट छाप’ के सामने मुहर लगाकर प्रिया कुमारी को प्रचंड मतों से विजयी बनाएं।”
प्रिया कुमारी को भाजपा के साथ-साथ स्थानीय कार्यकर्ताओं, महिलाओं और युवाओं का अपार समर्थन प्राप्त है। नामांकन के समय भी उनके पक्ष में भव्य जुलूस निकला था, जिसमें पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए थे। अन्य उम्मीदवारों में आजसू और झामुमो समर्थित प्रत्याशी भी मैदान में हैं, लेकिन बाबूलाल मरांडी जैसे दिग्गज नेता का समर्थन प्रिया कुमारी के लिए निर्णायक माना जा रहा है।
चुनाव 23 फरवरी को होने हैं, जिसमें रामगढ़ नगर परिषद के 97,698 मतदाता 98 बूथों पर मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रशासन ने मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।