रामगढ़, 03 फरवरी: झारखंड एकेडमिक काउंसिल द्वारा आयोजित वार्षिक माध्यमिक की परीक्षा 03 फरवरी से 17 फरवरी तक एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा 2026 03 फरवरी से 23 फरवरी तक सुचारू, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ ने परीक्षा सेल सह जिला नियंत्रण कक्ष का गठन किया है।
इस परीक्षा सेल का मुख्य उद्देश्य विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न-पत्रों एवं उत्तर पुस्तिकाओं की समयबद्ध आपूर्ति, परीक्षा समाप्ति के बाद सामग्री की सुरक्षित जिला कोषागार रामगढ़ तक पहुंच तथा पूरे दौरान सतत निगरानी सुनिश्चित करना है। नियंत्रण कक्ष अनुमंडल कार्यालय, रामगढ़ में स्थापित किया गया है, जहां शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निपटारे की व्यवस्था है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06553-222005 है।
परीक्षा अवधि के दौरान प्रतिनियुक्त कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक उपस्थित रहें, परीक्षा संबंधित गतिविधियों की निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत की सूचना तुरंत संबंधित पदाधिकारियों को उपलब्ध कराएं। प्राप्त शिकायतों का रजिस्टर रखा जाएगा तथा उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
अनुमंडल प्रशासन ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पूरी तरह कदाचार मुक्त बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
यह व्यवस्था परीक्षार्थियों, अभिभावकों एवं समाज को परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता प्रदान करने के उद्देश्य से की गई है।