नशीली कफ सिरप की तस्करी पर पुलिस का छापा : कांके में 45 बोतलें बरामद, दो गिरफ्तार

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रांची, 28 दिसंबर: राजधानी रांची में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। कांके थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 45 बोतल कोडीन युक्त नशीली कफ सिरप बरामद की तथा दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बोडिया पुल के समीप वाहन जांच अभियान के दौरान दो स्कूटी सवार युवक पुलिस को देखते ही चिरांधी की दिशा में भागने लगे। गश्ती दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद गोप (46 वर्ष), निवासी होचर कदम टोला, थाना कांके तथा नयन सेन (37 वर्ष), निवासी चौका चौली बांस, थाना चौका, जिला सरायकेला-खरसावां के रूप में हुई है।

तलाशी में स्कूटी संख्या JH01GA-1137 से 24 बोतल (100 एमएल प्रत्येक) नशीली कफ सिरप, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा 3700 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं दूसरी स्कूटी संख्या JH01GD-0277 से 21 बोतल कफ सिरप, एक मोबाइल फोन तथा 6100 रुपये नकद मिले। इस प्रकार कुल 45 बोतलें, दो मोबाइल फोन तथा 9080 रुपये नकद जब्त किए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित रूप से नशीली कफ सिरप की खेप बाहर से मंगवाकर बोडिया, एदलहातु तथा चिरांधी सहित आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। कांके थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब आरोपियों के पूरे नेटवर्क तथा आपूर्ति स्रोत की गहन जांच में जुटी है।

ज्ञात हो कि झारखंड में कोडीन आधारित कफ सिरप का दुरुपयोग विशेषकर युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है। पुलिस द्वारा ऐसे मामलों में लगातार छापेमारी एवं गिरफ्तारियां की जा रही हैं ताकि नशे के इस कारोबार पर अंकुश लगाया जा सके।