रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
रामगढ़, 28 दिसंबर 2025: निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को रामगढ़ जिले के छत्तरमांडू स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण किया गया। यह निरीक्षण उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज के निर्देश पर किया गया।
उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता ने विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस का दौरा किया और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को ईवीएम भंडारण के सुरक्षा प्रोटोकॉल, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन व्यवस्था, कंट्रोल यूनिट तथा बैलट यूनिट की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।
निरीक्षण के दौरान भाजपा के प्रतिनिधि कुणाल दास, सीपीआई के प्रतिनिधि राजू विश्वकर्मा, आम आदमी पार्टी से मनोज कुमार बेदिया, कांग्रेस की ओर से दिनेश मुंडा और आजसू पार्टी के प्रतिनिधि अनुज कुमार तिवारी इस निरीक्षण में शामिल हुए।
अधिकारियों ने बताया कि ईवीएम की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक मानकों का पूर्ण पालन किया जा रहा है। इस तरह के नियमित निरीक्षण से चुनावी प्रक्रिया में सभी पक्षों का विश्वास बनाए रखने में मदद मिलती है।
यह निरीक्षण भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में किया गया, जिससे ईवीएम की अखंडता और सुरक्षा पर किसी प्रकार का संदेह न रहे।