रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)
भुरकुंडा (रामगढ़), 24 दिसंबर 2025: झारखंड के रामगढ़ जिले में 21 दिसंबर को भुरकुंडा स्थित विजय ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की बड़ी लूटकांड की जांच तेज हो गई है। मंगलवार शाम रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक अजय कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और दुकान संचालक विजय वर्मा से घटना की विस्तृत जानकारी ली।
एसपी अजय कुमार ने कहा कि घटना के बाद से पुलिस पूरी तरह सक्रिय है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और कई जगहों पर छापेमारी चल रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि बहुत जल्द इस सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
जिले में पुलिस बल की सीमित संख्या का जिक्र करते हुए एसपी ने सभी दुकानदारों से अपील की कि वे अपनी दुकानों के अंदर-बाहर सीसीटीवी कैमरा जरूर लगवाएं, ताकि अपराधों के उद्भेदन में मदद मिल सके। साथ ही, नागरिकों से जागरूक रहकर अपराध रोकथाम में सहयोग करने की गुजारिश की। मौके पर एसडीपीओ पतरातू गौरव गोस्वामी, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार समेत पुलिस बल मौजूद रहा।
21 दिसंबर शाम सवा सात बजे पांच नकाबपोश हथियारबंद लुटेरे ग्राहक बनकर दुकान में घुसे। पिस्तौल के बल पर उन्होंने करीब 50 किलो चांदी, 800 ग्राम से अधिक सोना, नकदी और मोबाइल लूट लिए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है। इस घटना से भुरकुंडा बाजार में दहशत फैल गई और व्यापारी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस का दावा है कि अपराधी जल्द सलाखों के पीछे होंगे।