जेंडर अभियान 4.0 : रामगढ़ जिले में लैंगिक समानता की नई अलख

Spread the News

रिपोर्ट: संतोष कुमार (@santoshrmg)

रामगढ़, 06 दिसंबर। झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी द्वारा ग्रामीण विकास विभाग के निर्देश पर संचालित जेंडर अभियान 4.0 के तहत रामगढ़ जिले के सभी प्रखंडों में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। समूह, ग्राम संगठन और क्लस्टर स्तर पर चले इन कार्यक्रमों में सैकड़ों महिलाएँ, दीदी जीविका, बैंक सखी, जेंडर सीआरपी तथा स्थानीय लोग शामिल हुए।

कार्यक्रमों में जेंडर समानता, महिलाओं के कानूनी अधिकार, बालिका शिक्षा, घरेलू हिंसा रोकथाम, दहेज प्रथा उन्मूलन तथा समाज में महिलाओं की नेतृत्वकारी भूमिका जैसे विषयों पर गहन चर्चा हुई। खेल-कूद, समूह गतिविधियाँ, पोस्टर प्रदर्शनी, प्रश्नोत्तर सत्र और संवाद के माध्यम से प्रतिभागियों को लैंगिक संवेदनशीलता का प्रशिक्षण दिया गया।

अंत में सभी ने हाथ उठाकर शपथ ली कि वे अपने परिवार और समाज में लैंगिक भेदभाव समाप्त करेंगे तथा समानता, सम्मान और सहयोग की भावना को बढ़ावा देंगे। प्रतिभागी महिलाओं ने इसे आत्मविश्वास जगाने और अपने अधिकारों की पहचान कराने वाला अभियान बताया।

अधिकारियों के अनुसार जेंडर अभियान 4.0 का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदायों में सोच व व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा महिलाओं को आर्थिक, सामाजिक और निर्णय लेने की शक्ति प्रदान करना है। जिले भर में जारी इस अभियान को महिला सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया जा रहा है।