रामगढ़ शहर को जाम-मुक्त बनाने की कवायद तेज, पार्किंग व सड़क चौड़ीकरण की योजना

Spread the News

रामगढ़, 01 अक्टूबर: शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने रामगढ़ शहरी क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उपायुक्त ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत और कैंट सीईओ विवेक कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, चौक-चौराहों और बाजार क्षेत्रों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान शहर में लगने वाले जाम के प्रमुख कारणों को चिह्नित करते हुए अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सनिचरा हाट और सुभाष चौक के समीप आधुनिक पार्किंग स्थल विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा थाना चौक मार्ग, सनिचरा बाजार रोड और चट्टी बाजार क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने नेहरू रोड को नो-पार्किंग जोन घोषित करते हुए वहां वाहनों के पड़ाव पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्देश दिया। वहीं लोहार टोला, थाना चौक मार्ग सहित अन्य शहरी क्षेत्रों में सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने को कहा गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित नहीं होना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान शहर की जर्जर एवं खराब सड़कों को भी चिह्नित किया गया। संबंधित कार्यपालक अभियंताओं को खराब सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने तथा प्रमुख चौराहों का आकार बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त और एसपी ने दुकानदारों, व्यवसायियों, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और जाम-मुक्त बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। निर्देशों के बावजूद अतिक्रमण या यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण अभियान में अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी रमेश कुमार, ट्रैफिक थाना प्रभारी नवीन कुमार पांडे, रामगढ़ थाना प्रभारी विजेंद्र कुमार सहित कई प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।