TEJAS कार्यशाला में राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने सीखे उद्यमिता के गुर

Spread the News

रामगढ़, 30 सितंबर: जिला उद्योग केंद्र, हजारीबाग के तत्वावधान में टाउन हॉल, रामगढ़ में आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय TEJAS कार्यशाला में राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला का आयोजन रामगढ़ उपायुक्त की अध्यक्षता में किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्टार्टअप, उद्यमिता, स्वरोजगार तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं से अवगत कराना था।

कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। साथ ही अपने विचारों और नवाचारों को व्यवसायिक रूप देने, स्वरोजगार के अवसर तलाशने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। विद्यार्थियों को स्टार्टअप से जुड़े अवसरों और संभावनाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।

कार्यशाला में राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के प्रबंधन विभाग के 35 विद्यार्थियों ने भाग लिया। विश्वविद्यालय की ओर से विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार, मो. रिजवान नूरी एवं कुंदन कुमार उपस्थित रहे।

विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी सोच विकसित करने का अवसर मिलता है।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने प्रबंधन विभाग द्वारा विद्यार्थियों को व्यावहारिक एवं रोजगारपरक कार्यक्रमों से जोड़ने के प्रयास की सराहना की। विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को कुशल, आत्मनिर्भर और उद्यमशील बनाने में सहायक हैं।

कार्यशाला में शामिल छात्र जसकिरथ सिंह ने कहा कि कार्यशाला के माध्यम से स्टार्टअप, उद्यमिता और सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। वहीं खुशी कुमारी ने कहा कि TEJAS कार्यशाला से स्टार्टअप और सरकारी योजनाओं की उपयोगी जानकारी मिली तथा आत्मनिर्भर बनने और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।