अवैध खनन पर सख्ती, अवैध मुहानों की सूचना मिलते ही कार्रवाई के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 30 सितंबर: समाहरणालय सभाकक्ष में मंगलवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में जिले में अवैध खनन, अवैध बालू परिवहन तथा खनिजों के परिवहन से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई।

जिला खनन पदाधिकारी निशांत अभिषेक ने पीपीटी के माध्यम से अवैध खनन के विरुद्ध अब तक की गई कार्रवाई एवं विभागीय गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने पूर्व की बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।

अवैध खनन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले मुहानों को बंद करने की कार्रवाई की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि कहीं से भी अवैध मुहाने से खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। ऐसे मुहानों को पूरी तरह बंद कराने के साथ यह भी सुनिश्चित किया जाए कि दोबारा वहां से अवैध खनन नहीं हो।

बैठक में खनिजों के परिवहन में लगे सभी वाहनों में जीपीएस लगाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अवैध बालू परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए नियमित जांच एवं कार्रवाई करने को कहा गया।

उपायुक्त ने जिले में संचालित कारखानों एवं फैक्ट्रियों का सघन निरीक्षण अभियान चलाने का निर्देश भी दिया। उन्होंने निर्धारित मानकों का अनुपालन नहीं करने वाले संस्थानों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न परियोजनाओं के महाप्रबंधक, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।