रामगढ़, 29 सितंबर: समाहरणालय सभागार में सोमवार को जिला बाल संरक्षण इकाई (सामाजिक सुरक्षा कोषांग) की ओर से मिशन वात्सल्य योजना के तहत स्पॉन्सरशिप सहायता राशि वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रामगढ़ विधायक ममता देवी, मांडू विधायक निर्मल महतो और उपायुक्त ऋतुराज मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान जिले के 77 जरूरतमंद, अनाथ तथा देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को प्रतिमाह ₹4,000 की आर्थिक सहायता प्रदान करने की स्वीकृति दी गई। मंच से लाभुक बच्चों को स्वीकृति/प्रशस्ति पत्र और डेमो चेक सौंपे गए। बताया गया कि जिले में अब तक मिशन वात्सल्य योजना के तहत कुल 754 बच्चों को प्रतिमाह ₹4,000 की दर से आर्थिक सहायता का लाभ दिया जा चुका है।
विधायक ममता देवी ने कहा कि योजना का उद्देश्य बच्चों के पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुनिश्चित करते हुए उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग देना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण कोई बच्चा शिक्षा और बेहतर पालन-पोषण से वंचित न रहे, इसके लिए योजना महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहे बच्चों को सामाजिक, मानसिक और आर्थिक संबल देना योजना का मुख्य उद्देश्य है। योग्य बच्चों को योजना से जोड़ने के लिए ग्रामीण और पंचायत स्तर तक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
कार्यक्रम में बाल संरक्षण पदाधिकारी शांति बागे, विधायक प्रतिनिधि मुकेश यादव, विभिन्न प्रखंडों से आए अभिभावक तथा बाल संरक्षण इकाई के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।