SIR-2026: पंचायतों में विशेष कैंप, मतदाता सूची की त्रुटियों का हुआ ऑन-द-स्पॉट निराकरण

Spread the News

रामगढ़, 29 सितंबर: उपायुक्त रामगढ़ के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत जिले की विभिन्न पंचायतों में तिथिवार विशेष कैंप आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और मतदाता सूची में दर्ज अपने विवरण की जांच कराई।

कैंप में पहुंचे नागरिकों ने नाम, पता एवं अन्य विवरण में पाई गई त्रुटियों के सुधार के लिए आवेदन दिया। संबंधित कर्मियों द्वारा प्राप्त आवेदनों की जांच करते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई तथा कई मामलों में मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया गया।

जिला प्रशासन ने कहा कि SIR-2026 के तहत प्राप्त सभी आवेदनों के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन को लेकर प्रशासन सजग है। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न हो।

जिला प्रशासन ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे SIR-2026 के तहत आयोजित तिथिवार विशेष शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में दर्ज अपने विवरण की जांच करें। यदि नाम, पता अथवा अन्य किसी जानकारी में त्रुटि है, तो संबंधित कैंप में आवेदन देकर उसका सुधार कराएं। प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित तिथि पर नजदीकी विशेष कैंप में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।