जमशेदपुर सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी का निधन, चार की मौत

Spread the News

रांची/जमशेदपुर, 24 सितंबर: झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह का गुरुवार तड़के जमशेदपुर में हुए भीषण सड़क हादसे में निधन हो गया। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक से जा टकराई। इस दुर्घटना में कार सवार चार लोगों की मौत की सूचना है।

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना देर रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत एवं बचाव दल को शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मंत्री की बेटी के निधन की खबर सामने आने के बाद झारखंड में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि संतान को खोने का दुख माता-पिता के लिए शब्दों से परे और असहनीय होता है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति संवेदना जताई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में दो युवतियों और दो युवकों की मौत हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और सड़क पर खड़े ट्रक से जुड़े परिस्थितियों की जांच कर रही है।