मुंबई,10 नवंबर: महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर बड़े राजनीतिक बदलाव की चर्चाएं तेज हो गई हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के संभावित विलय को लेकर जारी अटकलों के बीच शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे और NCP (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार की मुलाकात ने सियासी सरगर्मी बढ़ा दी है। दोनों नेताओं की मुंबई स्थित शरद पवार के आवास सिल्वर ओक में मुलाकात प्रस्तावित है।
इससे पहले अजित पवार गुट की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के बेटे और राज्यसभा सांसद पार्थ पवार ने लगातार दो दिनों तक शरद पवार से मुलाकात की थी। इन मुलाकातों के बाद दोनों NCP गुटों के एकजुट होने की संभावनाओं को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं। इसके अलावा NCP के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल की शरद पवार से अस्पताल में हुई मुलाकात और 10 नवंबर के बाद फिर मिलने की बात ने भी अटकलों को हवा दी है।
हालांकि, NCP के मुख्य प्रवक्ता उमेश पाटिल ने विलय की खबरों को खारिज करते हुए कहा है कि दोनों गुटों के बीच विलय को लेकर न तो कोई बातचीत हुई है और न ही इस पर कोई चर्चा चल रही है। उन्होंने कहा कि शरद पवार की तबीयत में सुधार हो रहा है और ऐसे समय में राजनीतिक फैसलों तथा विलय की चर्चा करना उचित नहीं है।
वहीं, महाराष्ट्र NCP अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी कहा है कि दिवंगत अजित पवार जीवित होते तो दोनों गुटों का विलय 12 फरवरी को हो गया होता। दूसरी ओर, शिवसेना नेता संजय शिरसाट ने विलय की प्रक्रिया अंतिम चरण में होने का दावा किया था, जिस पर NCP नेताओं ने आपत्ति जताई है।
गौरतलब है कि जुलाई 2023 में अजित पवार के नेतृत्व में NCP में विभाजन हुआ था। इसके बाद पार्टी दो गुटों में बंट गई। अब पवार परिवार के भीतर लगातार हो रही मुलाकातों और उद्धव ठाकरे की शरद पवार से प्रस्तावित मुलाकात ने महाराष्ट्र की राजनीति में नए समीकरणों की चर्चा छेड़ दी है। हालांकि, फिलहाल दोनों गुटों के विलय की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।