पूर्व मंत्री विमला प्रधान का निधन, एक दशक तक सिमडेगा की विधायक रहीं

Spread the News

रांची/सिमडेगा, 19 सितंबर: झारखंड की पूर्व मंत्री और भाजपा की वरिष्ठ नेत्री विमला प्रधान का शुक्रवार रात रांची के सैमफोर्ड अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 69 वर्ष की थीं। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां रात करीब 8:40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से सिमडेगा समेत पूरे झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।

विमला प्रधान ने वर्ष 2009 में भाजपा के टिकट पर सिमडेगा विधानसभा सीट से पहली बार चुनाव जीतकर विधानसभा में प्रवेश किया था। इसके बाद 2014 में उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। इस तरह वर्ष 2009 से 2019 तक करीब 10 वर्षों तक उन्होंने सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। विधायक रहते हुए उन्हें झारखंड सरकार में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास तथा पर्यटन विभाग की जिम्मेदारी भी मिली थी।

विमला प्रधान ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत सामाजिक कार्यों से की थी। वर्ष 1994 में वह भाजपा से जुड़ीं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभाई। क्षेत्र में लंबे समय तक सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों से जुड़े रहने के कारण उनकी सिमडेगा में अलग पहचान बनी। वर्ष 2017 में उन्हें उत्कृष्ट विधायक सम्मान से भी सम्मानित किया गया था।

वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव में सिमडेगा सीट से कांग्रेस के भूषण बाड़ा विजयी हुए। इसके बाद विमला प्रधान विधानसभा में नहीं पहुंचीं, लेकिन क्षेत्र के लोगों और सामाजिक गतिविधियों से उनका जुड़ाव बना रहा।

विमला प्रधान के निधन पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक जताया। मुख्यमंत्री ने उनके निधन को झारखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को याद किया।

शनिवार को रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में उनके पार्थिव शरीर का अंतिम दर्शन कराया गया। इसके बाद पार्थिव शरीर को सिमडेगा ले जाया जाएगा। रविवार सुबह सिमडेगा स्थित आवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी और बगडांड घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।