अध्यक्ष पद पर बीरेंद्र कुमार बीरू और धनेश्वर प्रसाद आमने-सामने, सचिव पद पर धर्मेंद्र पटेल व दुर्गेशनंदन तिवारी में मुकाबला
रामगढ़, 08 सितंबर: प्रेस क्लब रामगढ़ सत्र 2026-28 के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए आज मतदान होगा। रामगढ़ प्रेस क्लब परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया रामगढ़ के अनुमंडल पदाधिकारी सह चुनाव पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की की देखरेख में संपन्न होगी। कुल 15 पदों के लिए 32 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि 204 पत्रकार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू होगी और शाम तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।
अध्यक्ष पद के लिए निवर्तमान अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार बीरू और निवर्तमान सचिव धनेश्वर प्रसाद के बीच सीधा मुकाबला है। दोनों प्रत्याशी पिछले करीब एक महीने से पत्रकारों के बीच संपर्क अभियान चलाकर समर्थन जुटाने में लगे थे।
वहीं सचिव पद के लिए धर्मेंद्र पटेल और दुर्गेशनंदन तिवारी आमने-सामने हैं। धर्मेंद्र पटेल इससे पहले भी सचिव पद का चुनाव लड़ चुके हैं और कम मतों के अंतर से चुनाव हार गए थे। दुर्गेशनंदन तिवारी पहली बार चुनाव मैदान में हैं।
कोषाध्यक्ष पद के लिए दुर्वेज आलम और उत्तम कुमार के बीच मुकाबला है। दुर्वेज आलम पिछली कमेटी में कोषाध्यक्ष रह चुके हैं। वहीं उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप कुमार बबलू और दिनेश कुमार के बीच सीधा मुकाबला होगा।
संयुक्त सचिव पद के लिए राजीव कुमार सिंह, दिलीप कुमार सिंह और उमेश सिन्हा चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा कार्यकारिणी के 10 पदों के लिए 21 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें एहशान मंजर, अजय कुमार महतो, अमित पाठक, अंजनी जायसवाल, अशफाक अहमद, अयुब अंसारी, बिनोद कुमार सिंह, दीपक कुमार, हीरा सिंह, कृष्ण कुमार, नीरज कुमार, रितेश कुमार, सनाउल्लाह, संजय नायक, सत्येंद्र पाठक, सतीश बहादुर सिंह, शंकर कुमार देवधरिया, शिवशंकर तिवारी, श्याम कुमार ठाकुर, सुरेंद्र कुमार पासवान और सुरेंद्र सिंह शामिल हैं।
चुनाव को लेकर पत्रकारों के बीच पिछले एक महीने से गहमागहमी बनी हुई है। प्रत्याशियों ने बैठकों, व्यक्तिगत संपर्क और सोशल मीडिया के माध्यम से अपने पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास किया है। कई प्रत्याशियों ने चुनाव जीतने के बाद पत्रकारों के कल्याण, प्रेस क्लब के विकास और संगठन को मजबूत करने से जुड़े अपने एजेंडे भी सामने रखे हैं।
मतदान के लिए प्रेस क्लब परिसर में 12 काउंटर बनाए गए हैं। दोपहर एक बजे तक परिसर में पहुंचकर कतार में लगने वाले मतदाताओं को मतदान का अवसर मिलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की जाएगी और परिणाम की घोषणा तत्काल किए जाने की तैयारी है।