रांची में 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य आगाज, 29 टीमों के 432 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

Spread the News

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया उद्घाटन, 26 अक्टूबर तक खेलगांव में चलेगा राष्ट्रीय स्तर का मुकाबला

रांची, 23 अक्टूबर: झारखंड की राजधानी रांची में गुरुवार को 15वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य शुभारंभ हुआ। खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा एथलेटिक्स स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। झारखंड पुलिस की मेजबानी में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस और केंद्रीय पुलिस संगठनों की 29 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में कुल 432 खिलाड़ी 37 स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि तीरंदाजी एकाग्रता, धैर्य, सटीकता और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता का खेल है। पुलिस सेवा में भी इन गुणों का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के लिए शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों में सही निर्णय लेने की क्षमता आवश्यक है। खेल और नियमित व्यायाम पुलिसकर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पांच दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में रिकर्व, कंपाउंड और इंडियन राउंड की पुरुष एवं महिला स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। खिलाड़ियों को व्यक्तिगत और टीम वर्ग में अपनी श्रेष्ठता साबित करने का अवसर मिलेगा। पहले दिन रिकर्व पुरुष वर्ग की 70 मीटर और कंपाउंड महिला वर्ग की 50 मीटर स्पर्धाओं सहित मुकाबले निर्धारित किए गए हैं।

प्रतियोगिता का समापन 26 अक्टूबर को होगा। समापन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने का कार्यक्रम निर्धारित है। झारखंड तीसरी बार इस प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले वर्ष 2013 और 2016 में भी राज्य में इसका आयोजन किया गया था। राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन से पुलिस बलों के बीच खेल भावना, आपसी समन्वय और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।