नई दिल्ली, 8 सितंबर: घरेलू रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार ने LPG सिलेंडर की रीफिल बुकिंग को लेकर बड़ा फैसला लिया है। अब ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर अगला LPG सिलेंडर बुक कर सकेंगे। ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए पहले यह अंतराल 45 दिन निर्धारित था।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने तेल विपणन कंपनियों को नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने का निर्देश दिया है। इससे ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच रीफिल बुकिंग को लेकर बना अंतर समाप्त हो गया है।
सरकार के अनुसार, LPG की आपूर्ति व्यवस्था में सुधार और रीफिल बैकलॉग में उल्लेखनीय कमी आने के बाद यह प्रतिबंध हटाया गया है। इससे पहले पश्चिम एशिया में संघर्ष और उससे जुड़े आपूर्ति दबाव के बीच LPG की उपलब्धता बनाए रखने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में बुकिंग अंतराल 45 दिन किया गया था, जबकि शहरी उपभोक्ताओं के लिए यह 25 दिन था।
45 दिन की अनिवार्य अवधि के कारण अधिक LPG खपत वाले ग्रामीण परिवारों को अगला सिलेंडर बुक कराने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता था। अब 25 दिन की समान व्यवस्था लागू होने से ऐसे परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना समेत ग्रामीण क्षेत्रों के घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए भी रीफिल की उपलब्धता और बुकिंग में सुविधा बढ़ेगी।
सरकार के इस फैसले से देशभर में घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग व्यवस्था समान हो गई है।