श्रम कानूनों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई, औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की जांच के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 06 सितंबर: जिले में संचालित उद्योगों एवं कारखानों में श्रम कानूनों के अनुपालन, औद्योगिक सुरक्षा मानकों और श्रमिकों के कल्याण को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण मुरारी तिर्की की अध्यक्षता में शुक्रवार को अनुमंडल कार्यालय के सभागार में बैठक हुई। बैठक उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर आयोजित की गई।

बैठक में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक, श्रम अधीक्षक, कारखाना निरीक्षक, जिला अग्निशमन पदाधिकारी सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रबंधक एवं संचालक शामिल हुए।

एसडीओ ने सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों में श्रम कानूनों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का प्रभावी पालन कराने तथा श्रमिकों को सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा नियमों, अग्निशमन व्यवस्था और आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की नियमित जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुपालन के साथ स्थानीय श्रमिकों के हित एवं कल्याण से जुड़े प्रावधानों को प्रभावी रूप से लागू करने का निर्देश दिया। एसडीओ ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ श्रमिकों की सुरक्षा, अधिकार और कल्याण भी जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को अपने अद्यतन दस्तावेज एवं आवश्यक अभिलेख व्यवस्थित रखने को कहा गया। संबंधित अधिकारियों को प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने और नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

एसडीओ ने औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की अपील की।