रामगढ़, 04 सितंबर: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त ऋतुराज ने गुरुवार को मुर्रामकला स्थित डंपिंग यार्ड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डंपिंग यार्ड में वर्षों से जमा Legacy Waste के उठाव और वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण की प्रगति का जायजा लिया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कचरा निस्तारण एजेंसियों से पुराने कचरे के उठाव, परिवहन और निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए 30 दिनों के भीतर डंपिंग यार्ड की सफाई और Legacy Waste के निस्तारण का कार्य पूरा करें।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने के लिए केवल घर-घर से कचरा उठाना पर्याप्त नहीं है। डंपिंग यार्ड में लंबे समय से जमा पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण भी जरूरी है। उन्होंने कचरा संग्रहण से लेकर परिवहन और अंतिम निस्तारण तक पूरी प्रक्रिया की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नगर परिषद रामगढ़ क्षेत्र में 1 सितंबर 2026 से डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है। इसके तहत घर-घर से नियमित रूप से कचरा संग्रहित कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है।
उपायुक्त ने लोगों से अपील की कि वे कचरा सड़क, नाली या खुले स्थानों पर न फेंकें और कचरा संग्रहण वाहन को ही दें। उन्होंने गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखने की भी अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर रामगढ़ के निर्माण में प्रशासन व नगर परिषद के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। मौके पर छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।