रांची, 02 सितंबर: रांची विश्वविद्यालय ने पीएचडी एडमिशन-2026 के लिए विभिन्न विषयों में कुल 331 सीटों पर आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 से 10 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस बार विश्वविद्यालय ने आवेदन शुल्क नहीं लेने का निर्णय किया है और प्रवेश परीक्षा भी आयोजित नहीं की जाएगी। चयन विभागीय स्तर पर साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा।
विश्वविद्यालय की यह प्रवेश प्रक्रिया यूजीसी रेगुलेशन-2022 और रांची विश्वविद्यालय पीएचडी रेगुलेशन-2026 के तहत शुरू की गई है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन और विस्तृत दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए गए हैं।
कुल 331 सीटों में सबसे अधिक 30 सीटें जंतुविज्ञान, 28 बॉटनी, 26 मनोविज्ञान, 25 अंग्रेजी, 24 दर्शनशास्त्र, 19 हिंदी, जबकि रसायनशास्त्र और भूगोल में 18-18 सीटें हैं। भौतिकी और गणित में 16-16 सीटें तथा इतिहास, राजनीति विज्ञान और कॉमर्स में 10-10 सीटें उपलब्ध हैं। मुंडारी में सिर्फ एक सीट है। बांग्ला में इस बार कोई सीट रिक्त नहीं है।
इस बार चार वर्षीय ‘ऑनर्स विद रिसर्च’ स्नातक कार्यक्रम के विद्यार्थियों को भी पीएचडी में आवेदन का अवसर दिया गया है। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए स्नातक स्तर पर कम से कम 75 प्रतिशत अंक जरूरी हैं। वहीं स्नातकोत्तर डिग्रीधारियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार छूट मिलेगी।
आवेदन की अंतिम तिथि 10 सितंबर के बाद 16 सितंबर को साक्षात्कार के लिए चयन सूची जारी की जाएगी। 17 और 18 सितंबर को ऑनलाइन आपत्ति/शिकायत दर्ज कराने का मौका मिलेगा। अंतिम इंटरव्यू सूची 21 सितंबर को जारी होगी। विभागीय साक्षात्कार 24 से 29 सितंबर के बीच संभावित है। मेरिट-कम-सेलेक्शन सूची 30 सितंबर को जारी की जाएगी। इसके बाद 1 से 8 अक्टूबर तक सुपरवाइजर आवंटन की प्रक्रिया होगी।