रामगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी, सुभाष चौक से 22.2 किलो गांजा बरामद, युवक गिरफ्तार

Spread the News

गुमटी में 960 ग्राम गांजा मिलने के बाद घर पर छापेमारी, 16 पैकेटों में रखा 21.3 किलो गांजा मिला; दो वाहन जब्त

रामगढ़, 24 अगस्त: जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 22.2 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मामले में 20 वर्षीय युवक रितेश कुमार, निवासी न्यू कॉलोनी बगीचा, रामगढ़ को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा के परिवहन में इस्तेमाल किए जाने की आशंका में दो वाहनों को भी जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को सूचना मिली थी कि सुभाष चौक स्थित दुर्गा मंदिर के सामने एक गुमटी से गांजा की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन जवानों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान रितेश कुमार के रूप में हुई।

गुमटी की तलाशी लेने पर पुलिस ने वहां से करीब 960 ग्राम गांजा बरामद किया। इसके बाद गिरफ्तार युवक की निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी की। घर की तलाशी के दौरान 16 अलग-अलग पैकेटों में रखा 21 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस तरह गुमटी और घर से बरामद गांजे की कुल मात्रा 22 किलो 260 ग्राम बताई गई है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो चारपहिया वाहन भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल गांजा के परिवहन में किए जाने की आशंका जताई गई है। मामले में रामगढ़ थाना में कांड संख्या 216/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, मामले में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस गांजा की खेप के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई जारी है।