रामगढ़, 22 अगस्त: माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद एवं संयुक्त सचिव कुंवर सिंह पाहन ने शुक्रवार को रामगढ़ जिले के तीन पीएम श्री उच्च विद्यालयों का निरीक्षण किया। विभागीय आदेश के आलोक में किए गए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों, पठन-पाठन की व्यवस्था, आधारभूत संरचना और विद्यार्थियों को उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
अधिकारियों ने पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय रजरप्पा प्रोजेक्ट, पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय बरियातू तथा पीएम श्री उत्कृष्ट उच्च विद्यालय कुल्ही का दौरा किया। इस दौरान विद्यालय परिसर, कक्षाओं, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, पेयजल एवं स्वच्छता समेत अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया गया।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक राजेश प्रसाद एवं संयुक्त सचिव कुंवर सिंह पाहन ने विद्यार्थियों से संवाद कर पठन-पाठन की स्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पीएम श्री योजना के तहत चयनित विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक मानकों के अनुरूप आधारभूत संरचना विकसित करना जरूरी है।
अधिकारियों ने नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा देने तथा प्रत्येक छात्र-छात्रा को समावेशी एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। विद्यालय प्रशासन को व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करने और सरकार की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं का लाभ सभी विद्यार्थियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार सील, अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अनूप माइकल केरकेट्टा, सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी कुमार राज सहित संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं विभागीय कर्मी मौजूद रहे।