सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जेएसएससी ने जारी की झारखंड आरक्षी परीक्षा-2015 की दूसरी सूची, 99 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए योग्य

Spread the News

रांची, 22 अगस्त:  झारखंड कर्मचारी चयन आयोग ने सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में झारखंड आरक्षी प्रतियोगिता परीक्षा-2015 की दूसरी सूची जारी कर दी है। आयोग की समीक्षा के बाद कुल 99 अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के लिए योग्य पाए गए हैं, जबकि 82 अभ्यर्थी लिखित परीक्षा में असफल घोषित किए गए हैं।

आयोग ने स्पष्ट किया कि यह सूची सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 3 जून और 28 जुलाई 2026 को पारित आदेशों के अनुपालन में अभ्यर्थियों के अभिलेखों की विस्तृत समीक्षा के आधार पर तैयार की गई है। लिखित परीक्षा में सफल पाए गए 99 अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता जांच में शामिल होने का अवसर मिलेगा। वहीं, 82 अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में अनुत्तीर्ण पाया गया है, इसलिए वे शारीरिक परीक्षा के लिए अयोग्य हैं।

जेएसएससी ने दोनों श्रेणियों के अभ्यर्थियों के रोल नंबर प्रकाशित कर दिए हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा से संबंधित तिथि, समय, स्थान और अन्य सभी सूचनाएं केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी। अभ्यर्थियों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहने की सिफारिश की गई है।

आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सूचना प्रारंभिक अभिलेखीय समीक्षा पर आधारित है। अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों और साक्ष्यों के अंतिम परीक्षण के बाद आयोग का निर्णय अंतिम माना जाएगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2015 में जेएसएससी ने विज्ञापन संख्या 04/2015 के तहत झारखंड पुलिस में 7,272 सिपाही पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद 2,380 पद रिक्त रह गए थे। कई अभ्यर्थी, जिन्होंने लिखित परीक्षा, शारीरिक और चिकित्सा परीक्षण पास कर लिए थे, अंतिम मेरिट सूची में शामिल नहीं हो सके। लंबे समय से लंबित इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अभ्यर्थियों को राहत देते हुए आयु सीमा में छूट और नई शारीरिक-चिकित्सा परीक्षा कराने का निर्देश दिया था।

आज ही सुप्रीम कोर्ट की खंडपीठ ने एक और महत्वपूर्ण आदेश पारित करते हुए राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी योग्य अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन के बाद चार सप्ताह के भीतर उन्हें नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं।