रामगढ़, 13 अगस्त: सदर अस्पताल रामगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी के समय तीन चिकित्सक अपने कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए। इसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगने तथा अगले आदेश तक उनके वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. कीर्ति सिन्हा, रेडियोलॉजिस्ट डॉ. राजन पांडेय और डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. अजीत कुमार सिंह अनुपस्थित मिले। उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन को चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी के दौरान शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और ओपीडी का जायजा लेने के साथ मरीजों से सीधे संवाद कर इलाज, दवा, जांच, भोजन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने रजिस्ट्रेशन काउंटर, लैब, शौचालय, मेस, अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे कक्ष समेत अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उपायुक्त ने सिविल सर्जन को ऑर्थो, गायनो एवं मेडिसिन विभाग में प्रतिदिन दो-दो ओपीडी संचालित करने का निर्देश दिया। इसका उद्देश्य मरीजों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराना और उन्हें अनावश्यक इंतजार से राहत दिलाना है।
निरीक्षण के दौरान आयुष्मान भारत योजना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिलाने तथा अस्पताल की विभिन्न सेवाओं को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने का निर्देश दिया। मेस में मरीजों को निर्धारित समय पर मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों की उपस्थिति और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की नियमित निगरानी जारी रखने का निर्देश दिया गया।