मुख्यमंत्री के नेमरा दौरे को लेकर आज नो एंट्री लागू, भारी वाहनों के परिचालन पर रहेगा प्रतिबंध

Spread the News

रामगढ़, 4 अगस्त: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आज बरलंगा थाना क्षेत्र के लुकैयाटांड़ एवं नेमरा में प्रस्तावित विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने तथा बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी, रामगढ़ ने आज सुबह 5:00 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक डीवीसी चौक (गोला) से सिल्ली मोड़ स्वर्णरेखा पुल तक सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों, ट्रकों एवं अन्य भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है।

आदेश के अनुसार डीवीसी चौक, गोला से सिल्ली मोड़ स्वर्णरेखा पुल की ओर तथा सिल्ली मोड़ से डीवीसी चौक, गोला की ओर सभी मालवाहक एवं भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था कार्यक्रम के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने, आमजन की सुविधा तथा सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है।

जिला प्रशासन ने वाहन चालकों एवं परिवहन संचालकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा जारी यातायात निर्देशों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।