डीएमएफटी से सरकारी स्कूलों के बच्चों को मिली स्टील की थाली-ग्लास, उपायुक्त ऋतुराज ने किया वितरण अभियान का शुभारंभ

Spread the News

रामगढ़, 30 जुलाई: सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक नई पहल शुरू की है। जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से मध्याह्न भोजन ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों के बीच स्टील की थाली और ग्लास वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को उपायुक्त ऋतुराज ने मध्य विद्यालय प्रखंड मुख्यालय, रामगढ़ से किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि बच्चों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देना भी आवश्यक है। डीएमएफटी के सहयोग से उपलब्ध कराए जा रहे स्टील के थाली एवं ग्लास से विद्यार्थियों को स्वच्छता के साथ मध्याह्न भोजन ग्रहण करने में सुविधा होगी, वहीं विद्यालयों में साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी मानकों को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच थाली एवं ग्लास का वितरण किया गया। नए बर्तन मिलने पर बच्चों ने खुशी जताई और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी रामगढ़-2, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी रामगढ़-2, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।