SIR-2026: उपायुक्त ऋतुराज ने भरा गणना प्रपत्र, जिलेवासियों से समय पर फॉर्म जमा करने की अपील

Spread the News

रामगढ़, 22 जुलाई: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत मंगलवार को रामगढ़ के उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी ऋतुराज ने स्वयं अपना गणना प्रपत्र भरकर जिलेवासियों को अभियान में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित होना आवश्यक है। उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर के पास जमा करने या निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित माध्यमों से उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर फॉर्म जमा होने से मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी और सुचारु रूप से पूरी हो सकेगी।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से भी इस अभियान में सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, पड़ोस और परिचितों को भी गणना प्रपत्र भरने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

उन्होंने विश्वास जताया कि जिलेवासी लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर निष्पक्ष एवं सशक्त निर्वाचन प्रक्रिया में अपना योगदान देंगे।