उपायुक्त व एसपी ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा कराने के दिए निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 16 जुलाई: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा के सफल एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर बुधवार को समाहरणालय में उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर 19 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सभी केंद्र अधीक्षकों, जोनल, स्थिर एवं गस्ती दंडाधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की जांच, प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। बैठक में यातायात प्रबंधन, परीक्षा सामग्री की सुरक्षित आवाजाही और अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन पर भी चर्चा हुई।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा प्रतिबंधित सामग्री लेकर परीक्षा केंद्र नहीं आने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में किसी भी प्रकार के कदाचार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।