जमशेदपुर की बेटी तनिषा गौतम ने पीएम मोदी से किया सीधा संवाद, सेमीकंडक्टर मिशन में झारखंड का बढ़ाया मान

Spread the News

जमशेदपुर, 06 जुलाई: झारखंड के जमशेदपुर की बेटी तनिषा गौतम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीधे संवाद कर राज्य का गौरव बढ़ाया। गुजरात के साणंद में आयोजित भारत के पहले स्वदेशी वाणिज्यिक सेमीकंडक्टर चिप उत्पादन एवं पहली खेप के प्रेषण कार्यक्रम के दौरान तनिषा ने प्रधानमंत्री से बातचीत की और अपने अनुभव साझा किए।

तनिषा गौतम वर्तमान में सेमीकंडक्टर परियोजना में डिप्लोमा इंजीनियर ट्रेनी (DET) के रूप में कार्यरत हैं। संवाद के दौरान उन्होंने बताया कि भारत के सेमीकंडक्टर मिशन का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री मोदी ने युवा इंजीनियरों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि देश के युवाओं की प्रतिभा भारत को वैश्विक तकनीकी महाशक्ति बनाने में अहम योगदान देगी।

जमशेदपुर के बागबेड़ा की रहने वाली तनिषा की इस उपलब्धि से पूरे झारखंड में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने इसे राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। तकनीकी क्षेत्र में उनकी सफलता को झारखंड की नई पीढ़ी के लिए एक मिसाल माना जा रहा है।

भारत के सेमीकंडक्टर मिशन के तहत देश में चिप निर्माण को बढ़ावा देने की दिशा में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत और उच्च प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमता पर जोर देते हुए कहा कि देश तेजी से वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सेमीकंडक्टर हब बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।