पर्यावरण की सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, हमारा कर्तव्य है। -सचिव प्रियंका कुमारी
रामगढ़, 3 जुलाई: अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से व्याख्यान, शपथ ग्रहण एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने एकल-उपयोग प्लास्टिक के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। डॉ. पूजा कुमारी जायसवाल, डॉ. विजय कुमार पाण्डेय एवं डॉ. धीरज कुशवाहा ने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज वैश्विक चुनौती बन चुका है, जिससे निपटने के लिए जनसहभागिता आवश्यक है।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने कहा कि प्लास्टिक-मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक बैग का उपयोग छोड़कर पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाए। सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति प्लास्टिक बैग का उपयोग बंद करने का संकल्प ले, तो स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य का निर्माण संभव है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एकल-उपयोग प्लास्टिक से दूरी बनाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, विभाग के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने प्लास्टिक बैग का उपयोग नहीं करने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।
इसके बाद विश्वविद्यालय परिसर में जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारों के माध्यम से लोगों को प्लास्टिक-मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्लास्टिक-मुक्त एवं स्वच्छ भारत के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता को प्रोत्साहित करना था।