रामगढ़ को नशामुक्त बनाने के लिए सभी विभाग मिलकर करें काम : उपायुक्त

Spread the News

रामगढ़, 25 जून: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की उपस्थिति में बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति (एनकॉर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नशा मुक्ति अभियान के तहत जिले में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई।

उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में नशा मुक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने युवाओं को नशे की लत से बचाने और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

बैठक में दवा दुकानों में सघन जांच अभियान चलाने, नशे में इस्तेमाल होने वाली दवाओं की बिक्री एवं स्टॉक पर विशेष निगरानी रखने तथा संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थलों पर रात्रि के समय नशे के सेवन की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने निगरानी बढ़ाने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने पर भी बल दिया।

उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों के 100 मीटर दायरे में नशीले पदार्थों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने तथा दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी विभागों को रोस्टर बनाकर नियमित जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने और रामगढ़ को नशामुक्त बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने को कहा।