जमशेदपुर, 24 जून: जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू की तबीयत सोमवार देर रात अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार उनका ब्लड प्रेशर अचानक काफी नीचे चला गया था। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां बेहतर निगरानी के लिए आईसीयू में रखा गया है।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि घबराने जैसी कोई बात नहीं है तथा उन्हें आवश्यक सभी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विधायक के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही समर्थकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में चिंता बढ़ गई। कई नेताओं ने भी फोन कर उनका हालचाल लिया। परिजनों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करने की अपील की है।