आधुनिक कृषि तकनीकों, जैविक खेती और एआई आधारित नवाचारों से रूबरू हुए छात्र
रामगढ़, 17 जून: राधा गोविन्द विश्वविद्यालय, रामगढ़ के कृषि विज्ञान विभाग द्वारा मंगलवार को विद्यार्थियों के लिए रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित झारखंड कृषि व्यापार मेले का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। झारखंड सरकार द्वारा आयोजित इस मेले में विभागाध्यक्ष डॉ. नेहा टोप्पो एवं बिरेंद्र अग्रवाल के मार्गदर्शन में कृषि विज्ञान के विद्यार्थियों ने भाग लिया और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवीनतम शोध एवं तकनीकी विकास की जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, जैविक खेती, कृषि यंत्रों तथा नवीन कृषि पद्धतियों का गहन अध्ययन किया। मेले में विभिन्न कृषि संस्थानों, अनुसंधान केंद्रों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा प्रदर्शित नवाचारों का अवलोकन कर छात्रों ने कृषि क्षेत्र की वर्तमान चुनौतियों, संभावित समाधानों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।
मेले में आयोजित संगोष्ठी के दौरान कृषि क्षेत्र में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल तकनीकों और वैज्ञानिक नवाचारों की बढ़ती भूमिका पर विशेष चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि आधुनिक तकनीकों के समावेश से कृषि उत्पादन बढ़ाने, संसाधनों के बेहतर प्रबंधन और किसानों की आय में वृद्धि की अपार संभावनाएं हैं। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं सतत कृषि विकास के लिए जैविक खेती को बढ़ावा देने पर भी बल दिया गया।
विद्यार्थियों ने विभिन्न कृषि उपकरणों, स्मार्ट कृषि तकनीकों, जैविक उत्पादों तथा कृषि आधारित उद्यमों का अवलोकन किया और विशेषज्ञों से संवाद स्थापित कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। यह अनुभव उनके लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साबित हुआ।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी. एन. साह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को समकालीन कृषि तकनीकों और अनुसंधान से परिचित कराना उच्च शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं व्यावसायिक दक्षता को सुदृढ़ बनाते हैं।
विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, अनुभव और व्यक्तित्व विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यवहारिक अनुभव प्राप्त होता है।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यवहारिक अनुभव उपलब्ध कराने हेतु समय-समय पर विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन करता रहता है।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करने के साथ उनके करियर निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।