रामगढ़, 14 जून। राधा गोविन्द विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित 21वीं उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता-2026 के तहत रविवार को फुटबॉल, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल और हैंडबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के पुलिस खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत दिन का पहला मुकाबला कोडरमा और हजारीबाग के बीच खेला गया, जिसमें कोडरमा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में रामगढ़ और चतरा की टीम आमने-सामने हुईं। बेहद रोमांचक रहे इस मैच में रामगढ़ ने 2-1 से विजय हासिल कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता में रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, चतरा और कोडरमा जिलों के लगभग 200 पुलिस खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह तीन दिवसीय खेल महोत्सव 13 जून से 15 जून तक सिद्धू-कान्हू मैदान एवं राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित किया जा रहा है।
प्रतिभागी खिलाड़ियों के लिए विश्वविद्यालय परिसर में ठहरने, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है। खिलाड़ियों के आवास एवं विश्राम की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा निभाई जा रही है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन 13 जून को उत्तरी छोटानागपुर क्षेत्र, हजारीबाग के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) श्री अंजनी कुमार झा एवं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा सिद्धू-कान्हू मैदान में किया गया था।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी.एन. साह ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्रीय पुलिस खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी तथा खेल भावना को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखा गया।
मौके पर विश्वविद्यालय की सचिव प्रियंका कुमारी, कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि, कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में पुलिस खिलाड़ी उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की गई हैं।