स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर, एएनसी, टीकाकरण और टीबी मुक्त अभियान की प्रगति तेज करने के निर्देश

Spread the News

रामगढ़, 10 जून: जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं की वर्तमान स्थिति, पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन तथा विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने सदर अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में शत-प्रतिशत साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित उपस्थिति पर विशेष जोर दिया। उन्होंने बायोमेट्रिक अटेंडेंस एवं रोस्टर ड्यूटी को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया।

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने पात्र लेकिन छूटे हुए लाभुकों का कार्ड मिशन मोड में बनाने को कहा। मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए एएनसी (प्रसव पूर्व जांच), संस्थागत प्रसव और जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। साथ ही सभी स्वास्थ्य केंद्रों में 24×7 आकस्मिक सेवाएं एवं प्रसव सुविधाएं सुचारु रूप से संचालित करने पर बल दिया।

उपायुक्त ने शिशुओं के पूर्ण टीकाकरण को प्राथमिकता बताते हुए स्वास्थ्य कर्मियों एवं सहियाओं को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत आभा आईडी निर्माण और डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड तैयार करने में तेजी लाने को कहा गया।

टीबी मुक्त भारत अभियान की समीक्षा में एक्टिव केस फाइंडिंग और निक्षय पोषण योजना की राशि समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कुपोषण उन्मूलन के लिए एमटीसी केंद्रों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कुपोषित बच्चों की पहचान एवं बेहतर उपचार व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। बैठक में उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित थे।