NEET UG Re-Exam 2026: सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी, अभ्यर्थी जान सकेंगे परीक्षा केंद्र का शहर

Spread the News

नई दिल्ली: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET UG Re-Exam 2026 के लिए परीक्षा शहर (City Intimation Slip) जारी कर दी है। री-एग्जाम में शामिल होने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने परीक्षा केंद्र के लिए आवंटित शहर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

एनटीए के अनुसार, अभ्यर्थी अपने आवेदन संख्या (Application Number) और पासवर्ड अथवा जन्मतिथि की सहायता से सिटी इंटिमेशन स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। यह स्लिप केवल परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी देती है, इसे प्रवेश पत्र (Admit Card) नहीं माना जाएगा। प्रवेश पत्र अलग से जारी किया जाएगा।

गौरतलब है कि NEET UG 2026 की मूल परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसे पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दिया गया था। इसके बाद NTA ने 21 जून 2026 को पुनर्परीक्षा कराने का निर्णय लिया। री-एग्जाम देश के 551 शहरों तथा विदेश के 14 शहरों में ऑफलाइन (पेन-एंड-पेपर) मोड में आयोजित होगा।

एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे समय रहते परीक्षा शहर की जानकारी प्राप्त कर यात्रा और ठहरने की आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित सभी नवीनतम सूचनाओं के लिए उम्मीदवार नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें।

री-एग्जाम को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए एनटीए ने इस बार कड़े सुरक्षा प्रबंध लागू किए हैं, जिनमें प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया पर विशेष निगरानी और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था शामिल है।