गोला में सलाहकार समिति की बैठक, महिला हिंसा मामलों की समीक्षा पर जोर

Spread the News

रामगढ़, 9 जून: गोला प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को जेंडर रिसोर्स सेंटर (गरिमा केंद्र) से संबंधित सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला हिंसा से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग पर बल दिया गया।

बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) के सदस्य, गोला थाना प्रभारी, प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी, जिला स्तर से प्रदान संस्था के प्रतिनिधि, संकुल संगठन के पदाधिकारी तथा सभी पंचायतों की जेंडर सीआरपी उपस्थित रहीं।

इस दौरान जेंडर रिसोर्स सेंटर गोला में अब तक पंजीकृत 41 महिला हिंसा संबंधी मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। मामलों की वर्तमान स्थिति, प्रगति एवं समाधान की दिशा में किए गए प्रयासों पर चर्चा की गई। साथ ही उपस्थित सदस्यों को जीआरसी के कार्यों और उसके सामाजिक प्रभावों की जानकारी दी गई।

गोला थाना प्रभारी ने जीआरसी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों के समाधान में पुलिस प्रशासन हरसंभव सहयोग करेगा। वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भी भविष्य में केंद्र को निरंतर सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई।

बैठक में उप प्रमुख विजय ओझा ने भी केंद्र के कार्यों की प्रशंसा करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने जीआरसी में आरओ फिल्टर युक्त पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही।

बैठक का उद्देश्य महिलाओं एवं समुदाय से जुड़े मुद्दों के समाधान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को मजबूत करना तथा महिला सशक्तिकरण से जुड़े प्रयासों को गति देना था।