छत्तरमांडू स्विमिंग पूल का संचालन जल्द होगा शुरू, खिलाड़ियों के लिए खेल बैंक भी बनेगा

Spread the News

रामगढ़, 06 जून: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला खेलकूद एवं पर्यटन कार्यालय द्वारा संचालित योजनाओं एवं गतिविधियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खेल सुविधाओं के विकास, खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने छत्तरमांडू स्थित नवनिर्मित स्विमिंग पूल का संचालन जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। साथ ही स्विमिंग पूल एवं इंडोर स्टेडियम में स्थित बैडमिंटन कोर्ट के माध्यम से जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन की तैयारी करने को कहा। उन्होंने फुटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, वॉलीबॉल समेत विभिन्न खेल संगठनों के प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त कर उनके कार्यों की जानकारी भी ली।

उपायुक्त ने सिदो-कान्हू स्टेडियम में विभिन्न खेल मैदानों एवं कोर्टों के विकास को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शहरी क्षेत्रों में छोटे-छोटे भूखंडों को चिन्हित कर वहां नेट क्रिकेट, पिकल बॉल समेत अन्य खेल गतिविधियों के संचालन की संभावनाओं पर कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में प्रखंड स्तर पर खेल स्टेडियमों की पहचान एवं विकास को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। गांधी स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय में संचालित फुटबॉल डे-बोर्डिंग सेंटर की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

जिले में खेल बैंक की स्थापना को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने खेल बैंक में उपलब्ध कराए जाने वाले उपकरणों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिले के खिलाड़ियों को सम्मानित करने तथा विभिन्न खेल संगठनों का नियमानुसार पंजीकरण शीघ्र सुनिश्चित कराने को कहा।

इसके अलावा जिले में बड़े खेल आयोजनों के दौरान खिलाड़ियों के ठहरने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने का निर्देश भी जिला खेल पदाधिकारी को दिया गया। बैठक में जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।