दामोदर नदी घाट पर हुआ वृहद वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

Spread the News

रामगढ़, 06 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नमामि गंगे योजना के तहत थाना चौक स्थित दामोदर नदी घाट पर वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का नेतृत्व उपायुक्त ऋतुराज ने किया। उनके साथ पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत, वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार, छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने जिलेवासियों से पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अवश्य लगाएं और उसकी सुरक्षा एवं देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं लें। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी उतना ही आवश्यक है।

वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार ने कहा कि बढ़ता तापमान और बदलता मौसम चक्र प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ा देता है। उन्होंने जल संरक्षण, प्लास्टिक उपयोग में कमी और प्रत्येक व्यक्ति द्वारा हर वर्ष कम-से-कम एक पौधा लगाने का संकल्प लेने पर जोर दिया।

छावनी परिषद के सीईओ विवेक सिंह ने कहा कि दामोदर नदी घाट पर लगाए गए पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों और युवाओं से हरित अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विशेष नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया। कलाकारों ने पेड़ों के महत्व, जल संरक्षण और प्लास्टिक उन्मूलन का प्रभावी संदेश प्रस्तुत किया, जिसे लोगों ने सराहा।

इस अवसर पर वन प्रमंडल द्वारा उपलब्ध कराए गए 50 पौधों का रोपण किया गया। पौधों की सुरक्षा के लिए सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र की ओर से 50 मजबूत गेबियन (ट्री-गार्ड) लगाए गए। वहीं, वृक्षारोपण स्थल पर साफ-सफाई, गड्ढों की खुदाई तथा अन्य व्यवस्थाएं छावनी परिषद एवं नगर परिषद रामगढ़ द्वारा की गईं।

उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में भी विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने जिलेवासियों से अपने-अपने क्षेत्रों में पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।