रामगढ़, 31 मई: रामगढ़ जिले के गिद्दी सी परियोजना क्षेत्र में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने सीसीएल (सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड) से जुड़े पांच अधिकारियों और कर्मचारियों के आवासों व ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। सुबह से चली इस कार्रवाई के दौरान सीबीआई अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, अभिलेख और अन्य रिकॉर्ड खंगाले।
जानकारी के अनुसार, सीबीआई की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर पहुंचीं और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों से पूछताछ भी की। छापेमारी के दौरान परियोजना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और बाहरी लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी गई।
सूत्रों के मुताबिक जिन लोगों के यहां जांच की गई, उनमें गिद्दी सी परियोजना के मैनेजर रामाशीष राम, अधिकारी जितेंद्र कुमार, सीसीएलकर्मी परशुराम चौधरी, शोभन चक्रवर्ती तथा एक अन्य कर्मचारी शामिल हैं। सीबीआई टीम उनके दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
हालांकि सीबीआई की ओर से अब तक आधिकारिक तौर पर यह नहीं बताया गया है कि कार्रवाई किस मामले में की जा रही है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि जांच कथित आय से अधिक संपत्ति अथवा कोयला कारोबार से जुड़े अनियमितताओं के मामलों से संबंधित हो सकती है। एजेंसी ने फिलहाल पूरे मामले में गोपनीयता बरती हुई है।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से गिद्दी क्षेत्र की विभिन्न कोलियरियों में अवैध वसूली, कोयला परिवहन और स्थानीय बिक्री में अनियमितताओं को लेकर सीबीआई लगातार कार्रवाई करती रही है। ऐसे में ताजा छापेमारी को भी इसी कड़ी का हिस्सा माना जा रहा है।
सीबीआई की इस कार्रवाई के बाद पूरे गिद्दी क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोग जांच के नतीजों और एजेंसी की आधिकारिक रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।