दिव्यांग को जनता दरबार में ही मिली व्हीलचेयर, उपायुक्त की पहल से तुरंत मिली राहत

Spread the News

रामगढ़, 23 मई: उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में शुक्रवार को आमजनों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। इसी दौरान रामगढ़ प्रखंड के लोलो बस्ती निवासी दिव्यांग जलेश्वर महतो ने आवागमन में हो रही परेशानी बताते हुए व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की मांग रखी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने तत्काल जिला समाज कल्याण विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। प्रशासन की तत्परता का परिचय देते हुए जलेश्वर महतो को जनता दरबार में ही ऑन द स्पॉट व्हीलचेयर उपलब्ध करा दी गई।

व्हीलचेयर मिलने पर जलेश्वर महतो ने खुशी जताते हुए जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अब दैनिक कार्यों और आवागमन में काफी सुविधा होगी तथा वे पहले से अधिक आत्मनिर्भर महसूस करेंगे।

इस अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य जरूरतमंदों एवं दिव्यांगजनों तक सरकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जनता दरबार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनता जा रहा है, जहां बिना अनावश्यक विलंब के लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।