रामगढ़, 23 मई: छत्तरमांडू स्थित ईवीएम वेयरहाउस का शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज ने त्रैमासिक निरीक्षण किया। निर्वाचन आयोग के नियमों के तहत प्रत्येक तीन महीने पर किए जाने वाले इस अनिवार्य निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रख-रखाव व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी रविन्द्र कुमार गुप्ता ने उपायुक्त को ईवीएम वेयरहाउस में अपनाए जा रहे सुरक्षा प्रोटोकॉल, रख-रखाव तथा निगरानी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की तथा अग्निशमन व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए रखने को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम की सुरक्षा निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।