रामगढ़, 18 मई: राधा गोविंद विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा विभाग द्वारा बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों के लिए फाइनल इंट्रामूरल प्रतियोगिता का सफल आयोजन विश्वविद्यालय के खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा और खेल भावना देखने को मिली।
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह ने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंट्रामूरल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वहीं सचिव प्रियंका कुमारी ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कुलपति प्रो. (डॉ.) रश्मि ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां भी आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करती हैं।
कार्यक्रम में कुल 12 प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता के परिणामों में बालक वर्ग में सुभाष चंद्र बोस हाउस विजेता बना, जबकि बालिका वर्ग में रानी लक्ष्मीबाई हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं मदर टेरेसा हाउस द्वितीय स्थान पर रहा।
शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष लेफ्टिनेंट डॉ. अमन वर्मा के नेतृत्व में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सुभाष चंद्र बोस हाउस के इंचार्ज प्रदीप कुमार रजक ने लगातार दूसरी बार अपनी टीम को विजेता बनाया। वहीं भगत हाउस के इंचार्ज पिंटू सर, मिल्खा हाउस के इंचार्ज धनेश्वर सर तथा मेजर ध्यानचंद हाउस के इंचार्ज राजू सर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, वित्त एवं लेखा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार तथा प्रबंध समिति सदस्य अजय कुमार सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।