झारखंड के 6 उपायुक्त देश के टॉप-100 डीएम की सूची में शामिल

Spread the News

नई दिल्ली, 18 मई: फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट द्वारा जारी “सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी-2026” सर्वेक्षण के प्रारंभिक परिणाम में झारखंड के छह उपायुक्तों ने जगह बनाकर राज्य का मान बढ़ाया है। देशभर के करीब 800 जिलों में कार्यरत अधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन करने के बाद यह सूची जारी की गई है।

सर्वेक्षण में प्रशासनिक क्षमता, सुशासन, त्वरित निर्णय, जनसंपर्क, विकास कार्य, नवाचार, संकट प्रबंधन और जवाबदेही जैसे 10 प्रमुख मानकों को आधार बनाया गया। फेम इंडिया के अनुसार विशेषज्ञों की राय, ग्राउंड रिपोर्ट, मीडिया विश्लेषण और आम जनता से मिले फीडबैक के आधार पर लगभग 100 जिलाधिकारियों और उपायुक्तों का चयन किया गया है।

झारखंड से जिन उपायुक्तों को इस सूची में स्थान मिला है उनमें धनबाद के आदित्य रंजन, गढ़वा के दिनेश कुमार यादव, रांची के मंजूनाथ भजन्त्री, जामताड़ा के रवि आनंद, खूंटी की आर. रोनिता तथा साहिबगंज के हेमंत सती शामिल हैं।

फेम इंडिया मैगजीन के प्रबंध संपादक अनिल सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य उन जिलाधिकारियों को सम्मानित करना है जिन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी बेहतर प्रशासन और जनहित के कार्यों से अलग पहचान बनाई है। चयनित अधिकारियों पर विस्तृत स्टेकहोल्डर सर्वे भी कराया गया है और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को पत्रिका के विशेष अंक में प्रमुखता से स्थान दिया जाएगा।

देशभर की सूची में राजस्थान की आईएएस टीना डाबी, उत्तर प्रदेश के रविंद्र कुमार, बिहार के वैभव श्रीवास्तव समेत कई चर्चित अधिकारियों को भी शामिल किया गया है।